हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में संचालित 158 सीबीएसई स्कूलों में सेवारत शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर बना असमंजस फिलहाल बरकरार रहेगा। इस संबंध में शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रस्तावित कैबिनेट सब-कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक टल गई है। अब यह बैठक अगले सप्ताह होने की संभावना है, जिसके बाद ही शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पर अंतिम निर्णय लिया जा सकेगा। सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती को लेकर शिक्षक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों में योग्य और इच्छुक शिक्षकों की नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की थी।