आसमान से गोले बरस रहे हैं। हॉस्टल में सुरक्षित हूं। यूक्रेन के खार्किव शहर से व्हाट्सएप पर परिजनों को मेसेज कर हिमाचल प्रदेश के चंबा की अपराजिता शर्मा ने बताया कि देर रात को भी बम के धमाके हो रहे हैं। पिता हितेश से अपराजिता ने बताया कि खार्किव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी ने भारत सरकार और भारतीय एंबेसी को विद्यार्थियों को सुरक्षित निकालने के लिए ई मेल भेजी है। बेटी के मेसेज से पिता हितेश को भी उम्मीद बंधी है। अब भारत सरकार के प्रयासों पर ही उनकी और अन्य अभिभावकों की नजरें हैं।
यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों को सुरक्षित लाने के प्रयास जारी : जयराम
वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यूक्रेन में फंसे हिमाचल के विद्यार्थियों को सुरक्षित घर लाने के लिए सरकार प्रयासरत है। दूतावास के माध्यम से जो कार्यक्रम यूक्रेन से बाहर निकालने के लिए तय किया गया है, उसका विद्यार्थियों को पालन करना चाहिए। कई विद्यार्थियों और अभिभावकों से चर्चा हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले को लेकर गंभीर हैं। हिमाचल सरकार हरसंभव मदद करने के लिए प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूक्रेन में फंसे सभी विद्यार्थियों की सुरक्षित वापसी का इंतजार हो रहा है। अभिभावक भी बच्चों को हौसला देते रहे।