हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने स्नातक डिग्री कोर्स की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। कॉलेज स्तर पर बीए, बीएससी और बीकॉम की प्रैक्टिकल परीक्षाएं एक से 15 मार्च के बीच आयोजित की जाएंगी। कॉलेज अपने स्तर लैब सुविधा समेत एग्जामिनर की उपलब्धता को देखते हुए परीक्षाओं का संचालन करेंगे। विवि की ओर से सभी संबद्ध कॉलेजों का परीक्षाओं के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हिमाचल विवि से संबद्ध कॉलेजों में यूजी की पढ़ाई कर रहे करीब एक लाख विद्यार्थी 20 मार्च से संभावित वार्षिक परीक्षाओं में अपीयर होंगे।
इससे पहले विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल परीक्षाएं देनी होंगी। प्रैक्टिकल परीक्षाओं को लेकर जारी निर्देशों के अनुसार 15 मार्च तक हर हाल में परीक्षाएं करवानी होंगी। प्रैक्टिकल परीक्षा के दिन ही इनके अवाॅर्ड ऑनलाइन अपलोड करने को भी कहा गया है। इसमें कॉलेजों को ख्याल रखना होगा कि प्रैक्टिकल लेने वाले एग्जामिनर प्राचार्य को सील बंद लिफाफे में दें। इसमें छात्रों की परीक्षा में हाजिरी, कुल छात्र-छात्राओं की संख्या जो परीक्षा में अपीयर हुए इसका पूरा ब्यौरा रखें। प्रैक्टिकल परीक्षाओं और छात्रों के इंटरनल असेसमेंट अपलोड करने से संबंधित किसी भी तरह की समस्या को लेकर कॉलेज विवि के नंबर 0177-2831873, या मोबाइल नंबर 9459571331,7018854459 पर भी संपर्क कर सकते हैं।