जानकारी के अनुसार दोनों व्यक्ति शीशे का सामान लेकर गाड़ी नंबर सीएच 01 सीवाई-1933 से शिमला आए थे। रात 12:00 से 12:30 बजे के करीब जब दोनों सामान छोड़कर समरहिल के एमआई रूम के पास पंचायत के लिए जाने वाले मार्ग पर पहुंचे तो एक तंग जगह पर वह गाड़ी मोड़ रहे थे। इस दौरान किसी कारणवश कार अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकलकर खाई में जा गिरी। वाहन गिरने की जोरदार आवाज सुनकर यहां पास के घरों में रहने वाले यूआईटी के दो छात्र मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों को सूचित किया। इसके साथ ही एंबुलेंस को भी बुलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से निकालकर आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया लेकिन यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने आईजीएमसी में आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया और मृतकों के परिजनों को भी इस बारे में सूचित किया गया। इसके साथ ही मंगलवार को पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। हादसे में वाहन को भी भारी क्षति पहुंची है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। परिजनों की मौजूदगी में ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।