हिमाचल कैडर के एक आईएएस और एक आईपीएस अधिकारी को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश कैडर के 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी व एडीजी होमगार्ड डॉ. अतुल वर्मा अब केंद्र में अपनी सेवाएं देंगे। केंद्र सरकार ने उन्हें भारतीय प्रतियोगिता आयोग (सीसीआई) में नियुक्ति प्रदान करने के आदेश
जारी कर दिए हैं। इस संबंध में केंद्रीय कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय से प्रदेश के गृह विभाग को पत्र भी मिल गया है।
वर्मा अगले तीन साल तक इस पद पर अपनी सेवाएं देंगे। माना जा रहा है कि वह सोमवार को नए पद का दायित्व संभाल सकते हैं। होमगार्ड से पहले वह एडीजी कानून व्यवस्था और एजीजी विजिलेंस जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, दिल्ली में निदेशक कैबिनेट सचिवालय के पद पर काम कर रही 2005 बैच की हिमाचल कैडर की आईएएस अधिकारी मीरा मोहंती को प्रधानमंत्री कार्यालय में निदेशक के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है।