रोहतांग मार्ग पर भी रोजाना 500 से 600 पर्यटक वाहन जा रहे हैं। पर्यटकों को फिलहाल मढ़ी तक भेजा जा रहा है। हालांकि, मनाली में पर्यटकों का सैलाब 15 मई के बाद ही उमड़ेगा, लेकिन मई-जून के लिए एडवांस बुकिंग ने रफ्तार पकड़ ली है। ट्रैवल एजेंट सुरेश, विवेक और राकेश रावत ने बताया कि देश भर से एडवांस बुकिंग आ रही है। अधिकतर पर्यटक रोहतांग दर्रे को टूअर में शामिल करने की शर्त रख रहे हैं। रोहतांग बहाल होने के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। होटल एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि वीकेंड के चलते पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटकों की आमद बढ़ी है। रोहतांग दर्रा बहाल होने के बाद पर्यटक और बढ़ेगे। मई और जून को लेकर एडवांस बुकिंग ने रफ्तार पकड़ी है।
कोकसर में बारिश के बीच पर्यटकों ने की मस्ती
पर्यटन स्थल कोकसर में बारिश के बीच सैलानियों ने जमकर मस्ती की। शनिवार को वीकेंड पर काफी संख्या में सैलानी पहुंचे और सुहावने मौसम का आनंद उठाया। सैलानी सुबह ही कोकसर और ग्रांफू पहुंच गए थे। सुबह 10:00 बजे के बाद रोहतांग दर्रा में बर्फबारी शुरू हो गई। इसके बाद पर्यटन स्थल ग्रांफू और कोकसर में झमाझम बारिश होने लगी। बारिश के बीच दिनभर सैलानियों का आना-जाना जारी रहा। सैलानियों ने बारिश के बीच स्कीइंग का लुत्फ उठाया। ट्यूब स्लाइडिंग का भी आनंद लिया। बारिश के बीच बैरिकेट के आगे सैलानियों ने कदमताल कर स्नो पॉइंट पहुंचकर जोरबिंग बॉल के भीतर अपना सफर यादगार बनाया। कई सैलानियों से याक की सवारी भी की। एटीवी में बैठकर पर्यटक ग्रांफू पहुंचे। पर्यटकों को उम्मीद थी कि बारिश के बाद बर्फबारी भी होगी, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। पर्यटक बारिश से बचने के लिए रेन कोट पहनकर घूमते नजर आए। कई सैलानियों ने स्नो ड्रेस पहनी थी।