देहरा के विधायक रविंद्र रवि के खिलाफ शांता खेमे के सियासी हमले जारी हैं। शुक्रवार को पूर्व मंत्री किशन कपूर सहित संगठनात्मक भाजपा जिला कांगड़ा अध्यक्ष हिंदवीर कोहली, महामंत्री उत्तम चंद चौधरी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष देसराज, नगरोटा बगवां से मंगल चौधरी, जिला सचिव राकेश चौहान ने संयुक्त बयान में रविंद्र रवि पर शब्द बाण चलाए।
पूर्व मंत्री सहित आधा दर्जन नेताओं ने रविंद्र रवि से पूछा कि अगर कांगड़ा में भाजपा शांता कुमार की बदौलत हारी तो जिनको पार्टी ने टिकट देकर चुनाव लड़वाया, क्या वे सभी नालायक थे? क्या रविंद्र रवि यह कहना चाहते हैं कि टिकट वितरण करने वाली प्रदेश की सर्वोच्च समिति के सामने शांता ने सभी को मनमाने ढंग से टिकट दिलवाई।
समिति में भाजपा के कई दिग्गज नेता क्या मूकदर्शक बनकर सिर्फ मुहर ही लगाते रहे। शांता कुमार पर छींटाकशी करने से पहले विरोधी भी कतराते हैं, लेकिन वरिष्ठ नेता पर अपनी ही पार्टी के नेता की बयानबाजी गलत है। रवि को हासिल मुकाम शांता कुमार की वजह से ही है।