ट्रक ऑपरेटरों का प्रदर्शन।
- फोटो : संवाद
ट्रक ऑपरेटरों के सब्र का बांध अब टूटता नजर आ रहा है। मंगलवार को ऑपरेटरों ने रोष रैली निकालते समय देहरा के विधायक होशियार सिंह को सड़क पर रोक लिया। ऑपरेटर सड़क पर बैठ गए और करीब 20 मिनट तक विधायक का घेराव किया। ऑपरेटर विधायक से उनके बयान पर स्पष्टीकरण मांगते रहे। विधायक ने कहा कि उन्होंने कुछ एक ट्रांसपोर्टरों की मनमानी पर कहा था। उन्होंने सीमेंट कंपनियों में कार्यरत ऑपरेटरों के बारे में नहीं कहा था। ऑपरेटरों ने इसका वीडियो भी बनाया। घेराबंदी के 20 मिनट बाद विधायक का काफिला शिमला की ओर रवाना हुआ।
घेराबंदी के बाद विधायक होशियार सिंह ने गत दिनों सोशल मीडिया के बयान में स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि सरकार ऑपरेटरों के मुद्दे पर बैठकर जल्द से जल्द इस मसले को सुलझाए ताकि उद्योगों व इनसे जुड़े लोगों पर इसका असर न पड़े। वह ट्रक ऑपरेटरों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़े हैं। किराये को लेकर जो बात दाड़लाघाट के ऑपरेटर कर रहे हैं, मैं उसका पूरा समर्थन करता हूं। विधायक ने ऑपरेटरों की आवाज को विधानसभा में उठाने का आश्वासन भी दिया।
विधायक के बयान से आक्रोशित थे ट्रक ऑपरेटर : रामकृष्ण
बाघल लैंडलूजर के पूर्व प्रधान रामकृष्ण शर्मा ने कहा कि विधायक होशियार सिंह का धर्मशाला से एक बयान आया था कि हिमाचल के ट्रक ऑपरेटर उद्योगपतियों को लूटते हैं। जहां 25 रुपये किराया बनता है, वहां 70 रुपये लेते हैं। उद्योगपतियों को यहां से पलायन करना पड़ता है। विधायक के इस बयान से ट्रक ऑपरेटर आक्रोशित थे। उन्होंने कहा कि घेराबंदी के बाद विधायक ने माफी मांगी व आश्वासन देते हुए कहा कि वह विधानसभा में आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि अब ट्रक ऑपरेटर सरकार की ओर से आने वाले फैसले का इंतजार कर रहे हैं। अगर कोई सकारात्मक फैसला नहीं होता है तो सभी ट्रांसपोर्टर सोसायटियों के सदस्य महापंचायत व चक्का जाम करने से गुरेज नहीं करेंगे।