शिमला के थाना कुमारसैन क्षेत्र के तहत लूहरी-सुन्नी सड़क पर वीरवार देर रात करीब 12 बजे के बाद प्राशन के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में गिर गया। पुलिस के अनुसार हादसे में ट्रक में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्रक संख्या एचपी 11-5680 रामपुर में सीमेंट छोड़ने के बाद वापस दाड़लाघाट की ओर जा रहा था। प्राशन के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया, जिससे वह सतलुज में गिर गया। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को पुलिस का दल मौके पर पहुंचा।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस दल ने चेन कुप्पी के सहारे शवों को घटनास्थल से बाहर निकाला। हादसे में चालक नितिश शर्मा निवासी गांव बाग सुन्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दो शवों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई।
पुलिस थाना प्रभारी कुमारसैन संतोष कुमार ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक की पहचान हो गई है, जबकि दो के बारे में पता नहीं चल सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।