नेरवा-थरोच सड़क पर कयारनाधार में एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की मौक पर मौत और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नेरवा अस्पताल से शिमला रेफर किया गया। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों और घायलों को फौरी राहत दी है।
विज्ञापन
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर करीब दो बजे हुआ। ट्रक खाली करेटें लेकर नेरवा से थरोच की ओर जा रहा था। इसी बीच ट्रक कयारनाधार में सड़क से करीब 300 फीट नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। ट्रक में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में शिला पंचायत के बूट गांव निवासी मनोज (20) पुत्र सई राम की मौत हो गई। दूसरे मृतक की देर शाम तक शिनाख्त नहीं करवा पाई थी। शिला पंचायत के सुदाना गांव निवासी राजेंद्र, नेपाली मूल के हरि बहादुर तथा तिलक गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार नेरवा मोही राम ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये तथा घायलों को तीन-तीन हजार रुपये की फौरी राहत दी है। पुलिस थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में दो की मौत हो गई। एक मृतक की अभी तक पहचान नही हो सकी है। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। उन्हें नेरवा से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ट्रक-बाइक में टक्कर, युवक की मौत
- फोटो : Demo pic
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के छैला बाजार में दोपहर बाद एक बाइक और ट्रक में टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रक चालक का हिरासत में ले लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाद छैला बाजार में ट्रक नंबर एचपी64-4047 और बाइक नंबर एचपी 09सी 2540 में अचानक टकराव हो गया।
इससे बाइक सवार कमलजीत (26) पुत्र बुद्धि राम निवासी जैस ठियोग की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए ठियोग अस्पताल भेजा। ठियोग डीएसपी मनोज जोशी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
मोटरसाइकिल से गिरी महिला, मौत
चंबा-तीसा मार्ग पर राजपुरा में हुए एक हादसे में महिला की मौत हो गई है। महिला चंबा से भलेई जा रहे एक युवक से लिफ्ट लेकर मोटरसाइकिल पर चढ़ी थी। सरोल में अचानक महिला अनियंत्रित होकर सिर के बल सड़क पर गिर पड़ी और उसके सिर में गहरी चोट लग गई। हादसे के बाद युवक ने एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी और महिला को क्षेत्रीय अस्पताल चंबा ले आया।
लेकिन यहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की पहचान रितु पत्नी अशोक कुमार निवासी ओबड़ी चंबा के रूप में हुई है। मोटरसाइकिल चला रहे युवक रविंद्र निवासी गांव चोली पंचायत कुपाहड़ा ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह भलेई मंदिर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में उसे महिला मिल गई।
महिला ने उससे लिफ्ट मांगी और मोटरसाइकिल पर बैठ गई। कुछ दूरी पर चलने के बाद अचानक महिला सिर के बल जमीन पर गिर पड़ी। उसके सिर से खून बहने लगा, जिसे देखकर उसने एंबुलेंस को फोन किया। उधर, पुलिस ने इस संबंध में मोटरसाइकिल चला रहे युवक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस मामले की पूरी छानबीन कर रही है। महिला का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, हादसे की खबर मिलने के बाद महिला के परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई तक जांच करने की मांग की।
सोन खड्ड में गिरी कार, चालक की मौत
सोन खड्ड में गिरी कार।
- फोटो : अमर उजाला
धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल धर्मपुर के समीप चलाल के पास रविवार को एक कार अनियंत्रित होकर सोन खड्ड में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई है। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार को खड्ड से बाहर निकाला। कार चालक कार के अंदर ही फंसा हुआ था। पुलिस ने हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे बिंगा गांव निवासी श्रवण ठाकुर अपनी कार एचपी 86-0786 में पेट्रोल भरवाने के लिए जा रहा था। नेशनल हाईवे-70 पर चलाल के पास कार अनियंत्रित होकर करीब चार सौ फीट गहरी खाई में लुढ़क कर सोन खड्ड में जा गिरी। कार गिरने का पता लगते ही धर्मपुर से लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे।
सोन खड्ड में पानी का तेज बहाव होने के कारण काफी मशक्कत से कार को बाहर निकाला गया। लोगों ने रस्सों से बांध कर कार को पानी से बाहर निकाला। जिसके बाद कार के अंदर फंसे श्रवण ठाकुर के शव को बाहर निकाला। श्रवण ठाकुर एक दैनिक समाचार में पत्रकार भी थे। हादसे की सूचना मिलते ही धर्मपुर व आसपास के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे।
सोन खड्ड में गिरी कार को निकालते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
युवा विकास मंच के संयोजक दलीप कुमार, अशोक कुमार, अजीत कुमार, सुनील कुमार, सन्नी ठाकुर, जय सिंह, अनिल कुमार, अजय कुमार, हीरा सिंह ने अपनी जान की परवाह न करते हुए सोन खड्ड में छलांग लगा कर कार को रस्सी से बांध कर किनारे तक ले गए और मृतक श्रवण कुमार के शव को बाहर निकाला।
सूचना मिलते स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम धर्मपुर किशोरी लाल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकाघाट अस्पताल भेज दिया है। प्रशासन की ओर से एसडीएम किशोरी लाल ने मृतक के परिजनों को 10 हजार रुपये की फौरी राहत दी है।
हादसे के कुछ समय पहले श्रवण कुमार ने घर में फोन पर परिजनों से बात की थी और कार में पेट्रोल भरवा कर घर पहुंचे की बात कही थी। दो माह बाद श्रवण कुमार की बेटी की शादी भी तय थी। हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस अधीक्षक प्रेम कुमार ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है।