द सिरमौर टैंपो यूनियन ने देश भर में गिरते डीजल तथा पैट्रोल के दामों को देखते हुए माल भाड़े की ढुलाई में एक रुपया प्रति किमी कम करने का निर्णय लिया है। टैंपो यूनियन ने यह निर्णय बुधवार को आयोजित एक अहम बैठक में लिया।
द सिरमौर टैंपो यूनियन की बैठक तारूवाला में हुई थी जिसकी अध्यक्षता यूनियन के प्रधान हुकम सिंह ने की। उधर यूनियन के इस निर्णय से क्षेत्र तथा आसपास के हजारों व्यवसायियों सहित अन्य उपभोक्ताओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2012 में पैट्रोल तथा डीजल के दामों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ही व्यापक तेजी देखी गई थी जिसके चलते देश भर में तेल के दामों में भारी इजाफा हुआ था।
विभिन्न रूटों का कम किया किराया
उन्होंने बताया कि यूनियन के पास मौजूदा समय में 50 की संख्या में टाटा 407, 60 पिकअप, 40 टाटा एस वाहन माल ढुलाई का कार्य कर रहे हैं। इनमें टाटा 407 तकरीबन 30 क्विंटल, पिकअप साढ़े बारह क्विंटल तथा टाटा एस लगभग 7 क्विंटल के करीब माल ढुलाई की क्षमता रखते हैं।
कम किया किराया
माल ढुलाई को लेकर द सिरमौर टैंपो यूनियन ने एक रुपया प्रति किमी कम किया है जिसके चलते अब प्रति वाहन पर 260 रुपये कम भाड़ा वसूला जाएगा। चंडीगढ़ के लिए 120 रुपये, गाजियाबाद 290 रुपये, देहरादून 50 रुपये, शिमला 180 रुपये, हल्द्वानी 120 रुपये, करनाल 135 रुपये, लखनऊ 800 रुपये तथा हरिद्वार तक 100 रुपये तक की कमी का इजाफा किया गया है।
पहले भी नहीं बढ़ाया था किराया
द सिरमौर टैंपो यूनियन के प्रधान हुकम सिंह ने बताया कि बावजूद इसके यूनियन ने अपना किराया भाड़ा नहीं बढ़ाया था। जबकि उस समय बसों, ट्रकों एवं अन्य संगठनों ने अपने दामों में इजाफा कर दिया था।
लिहाजा वर्तमान में तेल के दामों में विश्व स्तर पर आई गिरावट के चलते यूनियन ने अपने भाड़े में एक रुपया प्रति किमी कटौती करने का निर्णय लिया है।
इससे पूर्व यूनियन की बैठक में सचिव खुरशीद अली, संदीप कुमार, कुलदीप सिंह, शमशेर अली, शेखावत और दिलशाद, संजय राणा, मोहन सिंह, हिम्मत सिंह तथा कुलदीप मौजूद थे।
माल भाड़े पर उद्योगपति-ऑपरेटर करेंगे मंथन
उधर, हिमाचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज पांवटा इकाई एवं ट्रक ऑपरेटरों के बीच जल्द मालभाड़ा कम करने को लेकर मंत्रणा होगी। दोनों पक्ष बैठक करने पर राजी हो गए हैं। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश गोयल ने कहा कि डीजल के दामों में कमी आई है जिसके बाद माल भाड़ा कम करने पर विचार करने का निर्णय लिया गया है।
अतिशीघ्र सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। डीजल दामों में कमी आने पर औसतन कम से कम 1.44 रुपये माल भाड़ा कम करवाने पर विचार किया जाएगा। दोनों पक्षों में आपसी सहमति से ही कोई, अंतिम फैसला होगा।
बतातें चलें, कि पिछले तीन माह में उद्योगपतियों को मालभाड़ा कम होने से राहत मिली है। चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं सिरमौर ट्रक यूनियन में दो बैठकें हुईं जिसमें 20 दिसंबर 2014 को किराया 1 रुपये 44 पैसे प्रति किलोमीटर/प्रति 9 टन कम किया था।
पहले भी कम किया गया था किराया
इससे, पहले 31 अक्तूबर को यूनियन ने औसतन मालभाड़ा 1.44 रुपये कम किया था। चार माह के भीतर ट्रक यूनियन ने औसतन कुल 2.88 रुपये किराया कम किया है। अब फिर से डीजल के दामों में 3 रुपये से ज्यादा कमी आई है। प्रदेश की सबसे बढ़ी ट्रक यूनियन नालागढ़-सोलन में किराया कम कर चुकी हैं। बहरहाल मालभाड़ा का मामला गरमा गया है। इसके लिए चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है।
‘‘सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन पांवटा के अध्यक्ष बलजीत सिंह नागरा ने कहा कि शीघ्र बैठक आयोजित होगी जिससे मालभाड़े को कम करने को लेकर मंथन होगा। दोनों पक्षों में आपसी सहमति से कोई अंतिम निर्णय लेंगे।’’