जाम में फंसे स्थानीय लोग और सैलानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राष्ट्रीय राजमार्ग-05 शिमला-रामपुर पर कुफरी और ढली के बीच सोमवार दोपहर बाद करीब 8 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इस कारण स्थानीय लोगों के अलावा सैकड़ों सैलानी वाहन जाम में फंस गए। तीन दिन की छुट्टियों के बाद ऊपरी शिमला से लोगों के वापस शहर लौटने के कारण ट्रैफिक बढ़ने और सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से यह समस्या पेश आई।
छराबड़ा से शिमला की ओर टारिंग के कारण भी वाहन रुकने से जाम लगने का कारण बताया जा रहा है। तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। ठियोग से शिमला की ओर आ रहे तरुण शर्मा ने बताया कि करीब 5:00 बजे वह कुफरी में जाम में फंसे 7:00 बजे भी ढली नहीं पहुंच पाए थे। आम दिनों में कुफरी से ढली पहुंचे में करीब 20 मिनट लगते हैं। वाहन चालक लेन तोड़कर ओवरटेक कर रहे थे जिसके कारण जाम की समस्या और अधिक गहरा गई। डीसी आदित्य नेगी ने बताया कि जाम की समस्या पुलिस से संबंधित मामला है। पुलिस को जाम खुलवाने के निर्देश देंगे।