आईजीएमसी से रेफर मरीजों को अस्पताल पहुंचने में हो रही देरी एनएच बाइफिरकेशन पर भी आ रही दिक्कत अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना पहुंचना मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। भट्ठाकुफर से सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जाने वाली सड़क पर आए दिन जाम लग रहा है।
हालात ऐसे हैं कि कई बार एंबुलेंस को भी रास्ता नहीं मिल पाता। इससे आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। आईजीएमसी से सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किए जाने वाले मरीजों को वहां पहुंचने में करीब आधा घंटा लग रहा है। ऐसे में गंभीर मरीजों की जान पर भी खतरा बना रहता है। अस्पताल पहुंचने में देरी होने से मरीजों का उपचार भी समय पर शुरू नहीं हो पाता। इस दौरान उनकी हालत और बिगड़ने का खतरा रहता है। सबसे ज्यादा दिक्कत भट्ठाकुफर से करीब 200 मीटर आगे उस स्थान पर आ रही है, जहां से सड़क सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की ओर मुड़ती है। यहां सड़क पर एक तरफ से ही वाहनों की आवाजाही हो पाती है। सोमवार और बुधवार को मरीजों की आवाजाही अधिक होने के कारण जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। इसके बाद एनएच बाइफिरकेशन पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
सड़क के एक तरफ मलबा पड़ा हुआ है। इसके अलावा सड़क की पथरीली हालत के कारण चढ़ाई पर वाहन फंस जाते हैं। ऐसे में वाहनों को निकालने में काफी समय लगता है और जाम लग जाता है। सुबह से दोपहर तक सड़क पर यही स्थिति बनी रहती है।मरीजों के तीमारदारों का कहना है कि सरकार ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू कर दिया है, लेकिन यहां तक पहुंचने के लिए सड़क की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने सरकार से सड़क को चौड़ा करने की मांग की है, ताकि मरीजों और अन्य वाहनों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी न हो।