डिपो में महंगा प्याज बिकने पर कारोबारियों ने भी इसके दाम दस रुपये बढ़ा दिए हैं। सरकार मान रही है कि जब से डिपो में प्याज उपलब्ध कराया गया है। तब से ही मंडी में प्याज के दाम घटे हैं। इससे साफ है कि कारोबारियों ने जमाखोरी की है। शुक्रवार को डिपो में 64 रुपये और मार्केट में प्याज 60 और 65 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिका। सरकार ने शुक्रवार को डीएफएससी को प्याज की जमाखोरी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पकड़े जाने पर जमाखोर दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा है।
नागरिक आपूर्ति निगम ने नेफेड दिल्ली से 1200 क्विंटल प्याज की खरीद की है। प्याज की कीमतों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि से उपभोक्ताआें को राहत देने के लिए इसका वितरण निगम के विभिन्न थोक गोदामों और प्रचून बिक्री केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है। आयातित प्याज की बिक्री दर 64 रुपये प्रति किलो निर्धारित की गई है जिसे राज्य की आम जनता को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। अभी तक कुल आयातित 1200 क्विंटल प्याज में से लगभग 800 क्विंटल प्याज का वितरण किया जा चुका है जबकि शेष 400 क्विंटल प्याज का वितरण लगभग सात से दस दिन के भीतर कर दिया जाएगा।