शिंकुला दर्रा में पर्यटकों ने कीं अठखेलियां।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के 16580 फीट ऊंचे शिंकुला दर्रा पर बर्फ के बीच पर्यटकों ने शुक्रवार को अठखेलियां कीं। पर्यटकों ने बर्फीली वादियों में जमकर मस्ती की। त्योहारी सीजन में पर्यटकों को कैश करने के लिए प्रदेश पर्यटन विकास निगम की परिवहन शाखा ने लद्दाख सीमा से सटे हिमाचल के शिकुंला दर्रे के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। पहले दिन कम सवारियां मिलने से डीलक्स बस नहीं जा सकी। महज 15 सवारियां होने के कारण निगम ने शिंकुला के लिए 15 सीटर मिनी बस (टेंपो ट्रैवलर) भेजी। समुद्रतल से 16,580 फीट की ऊंचाई पर स्थित शिकुंला दर्रे में पर्यटकों ने बर्फ के बीच खूब मस्ती की। निगम का कहना है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर शिकुंला दर्रे के लिए डीलक्स बस भेजी जाएगी।
सर्दियां शुरू होने से पहले शिकुंला दर्रे में बर्फ के बीच पर्यटकों की अठखेलियां शुरू हो गई हैं। इससे मनाली आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। शिंकुला दर्रा सैलानियों का स्नो प्वाइंट बन गया है। पहले पर्यटक रोहतांग दर्रे में ही बर्फ का दीदार कर पाते थे, लेकिन अटल टनल बनने के बाद सैलानी शिंकुला और बारालाचा दर्रे में पहुंच रहे हैं। रोहतांग की अपेक्षा शिंकुला और बारालाचा दर्रे में बर्फ लंबे समय तक रहती है। वहीं, सीमा सड़क संगठन ने भी सड़कों को डबल लेन कर सफर को सुगम बना दिया है।
एचपीटीडीसी ने पर्यटकों की सुविधा के लिए बस सेवा शुरू की है। दशहरा सीजन में पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर शिकुंला के साथ बारालाचा और रोहतांग दर्रे के लिए निगम डीलक्स बस सेवा शुरू करेगा। उधर, पर्यटन विकास निगम मनाली की परिवहन शाखा के सहायक प्रबंधन रामपाल ने बताया कि शुक्रवार को पहले दिन कम पर्यटक होने होने के कारण 15 सीटर टेंपो ट्रैवलर भेजा गया। पर्यटकों की आमद बढ़ते ही 35 सीटर डीलक्स बस भेजी जाएगी। सड़क की हालत सुधरते ही चंद्रताल के लिए भी बस सेवा शुरू की जाएगी।