धर्मपुर (सोलन)। पर्यटन नगरी कसौली में चंडीगढ़ के एक पर्यटक ने पार्किंग की पर्ची मांगने पर तलवार लहरा दी। आरोप है कि इस दौरान पर्यटक ने छावनी बैरियर पर तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की। पुलिस ने दो पर्यटकों पर मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
ट्राइडेंट लोअर माल कसौली के दिनेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी की वह छावनी परिषद कसौली की पार्किंग में कार्य करता है। मंगलवार सुबह लगभग 9:30 बजे चालक नसीब सिंह उर्फ ननी सिंह के साथ दो लड़के और दो महिलाएं गाड़ी में बैठ कर पार्किंग से बाहर निकलने लगे। इस दौरान पार्किंग कर्मी दिनेश ने चालक को रोककर पार्किंग स्लिप दिखाने को कहा।
इस पर ननी सिंह ने कहा कि ये लोग रात के समय आए थे और पर्ची नहीं कटवाई। इसके बाद बैरियर पर तैनात कर्मचारी हरीश ने कहा कि अब पर्ची कटवा लो। इस पर ननी सिंह और उसके साथ बैठा हरदीप सिंह गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकियां देने लगा। देखते ही देखते ननी सिंह ने कर्मचारी को थप्पड़ मारे और हरदीप सिंह ने कार के अंदर से तलवार को म्यान से निकालकर इसे डराने के लिए लहराया।
इसके तुरंत बाद राजन ने इस घटना की सूचना पुलिस थाना कसौली को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और नसीब सिह उर्फ ननी सिह और हरदीप को गिरफ्तार कर तलवार कब्जे में ली। डीएसपी परवाणू प्रणब चौहान ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।