बंगाल से आने वाली अधिकतर ट्रेनें बुक, होटलों में 7 से 20 अक्तूबर के लिए बुकिंग
क्रॉसर
वीकेंड पर छुट्टी से सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी की उम्मीद
विश्वास भारद्वाज
शिमला। त्योहारी सीजन के दौरान हिल्स क्वीन शिमला में एक बार फिर सैलानियों की रौनक बढ़ने वाली है। दुर्गा पूजा टूरिस्ट सीजन के लिए शहर के बजट होटलों में 25 फीसदी तक एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
7 से 20 अक्तूबर के बीच शहर में सैलानियों के भारी संख्या में आने की उम्मीद है। इस हफ्ते वीकेंड पर शनिवार की छुट्टी के चलते होटलों में ऑक्यूपेंसी सौ फीसदी तक पहुंच सकती है। बंगाल से दिल्ली और कालका आने वाली अधिकतर ट्रेनें एडवांस बुक हो गई हैं। नवरात्र से बंगाल में पूजा हालीडे शुरू होने जा रही है। हर साल बंगाल से भारी संख्या में सैलानी ग्रुप बना कर शिमला का रुख करते हैं।
बंगाल के टूरिस्ट शिमला के बजट होटलों में ठहरना पसंद करते हैं। दिल्ली और कालका से यह टूरिस्ट टैंपो ट्रैवलर से शिमला पहुंचते हैं और ऐसे होटलों में ठहरने को प्राथमिकता देते हैं जहां तक टैंपो ट्रैवलर आसानी से पहुंचते हाें। होटलों के अलावा बड़ी संख्या में होम स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट इकाइयों में भी ठहरते हैं। शिमला में करीब 70 से 80 बजट होटल हैं इनमें से अधिकांश में एडवांस बुक है। बीते साल के मुकाबले यह करीब 20 फीसदी अधिक है।
शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, किन्नौर, स्पीति और लेह लद्दाख तक बंगाल के टूरिस्ट घूमने जाते हैं। बंगाल से आने वाली हावड़ा मेल, कालका मेल और सियालदह एक्सप्रेस दुर्गा पूजा टूरिस्ट सीजन के लिए एडवांस बुक है। कालका-शिमला ट्रैक पर चलने वाली गाड़ियों में भी एडवांस बुकिंग जोरों पर है।
ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन शिमला के महासचिव मनु सूद ने बताया कि दुर्गा पूजा सीजन के दौरान भारी संख्या में बंगाल के टूरिस्टों के शिमला पहुंचने की उम्मीद है। शहर के बजट होटल 25 फीसदी एडवांस बुक हैं। वीकेंड पर सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी की उम्मीद है। टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने बताया कि बीते साल के मुकाबले दुर्गा पूजा टूरिस्ट सीजन के लिए शहर के होटलों में पिछले साल के मुकाबले करीब 20 फीसदी अधिक एडवांस बुकिंग हुई है। नवरात्रों से पर्यटन सीजन के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।
गुजराती सैलानियों ने शुरू की इनक्वायरी
दिवाली पर बड़ी संख्या में गुजरात और मुंबई के टूरिस्ट शिमला घूमने आते हैं। सैलानियों ने अभी से शहर के होटलों में इनक्वायरी करनी शुरू कर दी है। शहर के अलावा कुफरी, नारकंडा, नालदेहरा और मशोबरा के होटलों में भी सैलानी पूछताछ कर रहे हैं। शहर के पर्यटन कारोबारियों को दिवाली के बाद क्रिसमस और न्यू ईयर तक सीजन अच्छा जाने की उम्मीद है।