मनाली-लेह मार्ग पर बारालाचा पास और सरचू के बीच कुछ हिस्से में सड़क खराब है। इससे सड़क पर वाहनों के कलपुर्जे टूट रहे हैं। बारालाचा और सरचू के बीच रविवार रात को कुछ पर्यटक वाहन कलपुर्जे टूटने से कई घंटे तक फंसे रहे। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने वाहनों को देर रात सरचू और दारचा पहुंचाया। इसके बाद ही पर्यटकों ने राहत की सांस ली। इन दिनों प्रदेश में आने वाले पर्यटक हादसों का शिकार हो रहे हैं।
खराब सड़क पर्यटकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। यहां पर करीब 40 से अधिक वाहन फंस गए थे। तापमान में इजाफा होने के बाद लाहौल-स्पीति जिले में नाले उफान पर हैं। नालों में जलस्तर बढ़ने के चलते सड़क पर पानी आ रहा है। इससे वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से पर्यटकों से मौसम के मिजाज को देखते हुए सफर करने को कहा गया है।
लाहौल-स्पीति पुलिस ने सरचू और बारालाचा के बीच सड़क की खराब स्थिति की जानकारी बीआरओ 70 आरसीसी को दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने कहा कि मनाली-लेह रूट पर दौड़ने वाले वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ है। रविवार रात बारालाचा दर्रे और सरचू के बीच कुछ वाहनों के पुर्जे टूट गए, जिससे भारी जाम लग गया। सभी को सुरक्षित सरचू और दारचा लाया गया। बारालाचा और सरचू के बीच ट्रक और वाहनों के ब्रेक डाउन की घटनाएं अधिक हो गई हैं।