बर्फबारी के चलते पराशर में फंसे पांच सैलानियों को पुलिस और प्रशासन के रेस्क्यू दल ने सुरक्षित निकाला। रेस्क्यू किए गए सैलानी दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के हैं। यह पर्यटक बर्फबारी का आनंद उठाने के लिए पराशर ऋषि की तपोस्थली पहुंचे थे, लेकिन भारी बर्फबारी के बीच वे वहां फंस गए। आपातकालीन नंबर पर फोन कर मदद मांगने पर पुलिस और प्रशासन के बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से पराशर पहुंचकर इन पांच पर्यटकों को रेस्क्यू कर मंडी पहुंचाया।
सुरक्षित निकाले गए पर्यटकों में अंकित अग्रवाल (25) सेक्टर 25 ए ग्रटर नोयडा, ध्रुव (31) सेक्टर 63 फरीदाबाद एनसीआर हरियाणा, विक्रम यादव (21) और आकाश दत्ता (21) निवासी महेश नगर अंबाला कैंट हरियाणा और रितिक (22) शिवालिक शेट्टी मोहाली पंजाब शामिल हैं। इसकी पुष्टि डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने की है।
सलूणी(चंबा)। भारी बर्फबारी के बाद पड़ रही हाड़ कंपाने वाली ठंड से सलूणी इलाके में आईपीएच के चौकीदार की मौत हो गई। मृतक की पहचान हरि सिंह निवासी भड़ोग ग्राम पंचायत डांड के रूप में हुई है। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में ठहरा चौकीदार जब शनिवार की सुबह बाहर नहीं आया तो दूसरे चौकीदार ने भीतर देखने पर हरि सिंह को मृत पाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
अब 13 फरवरी को खुलेंगे स्कूल : डीसी
जिला शिमला में शीतकालीन अवकाश के बाद 11 फरवरी को खुलने वाले शैक्षणिक संस्थान (प्राथमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय) अब 13 फरवरी को खुलेंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन ने शनिवार को अधिसूचना जारी कर दी है। उपायुक्त अमित कश्यप ने बताया कि यह निर्णय मौसम की प्रतिकूल परिस्थिति, जिला के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के आग्रह और बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत लिया है। वहीं कुल्लू जिले में भी अब शैक्षणिक संस्थान (प्राथमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय) 13 फरवरी को खुलेंगे।