मनाली की वादियां ट्रैकिंग के लिए पर्यटकों की पहली पसंद बनती जा रही है। देश के पर्यटक यहां आकर रोमांचक सफर करना चाहता हैं। दिल्ली, मुंबई और गुजरात समेत कई राज्यों से पर्यटकों ने इसके लिए एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। हालांकि विदेशी पर्यटक इसके लिए कम रुचि दिखा रहे हैं। कोविड के चलते सीमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को इसकी वजह माना जा रहा है। कुछ देश अभी भी अपने नागरिकों को वीजा नहीं दे रहे। दो वर्ष तक कोविड संकट के कारण मनाली में पर्यटन कारोबार मंदा रहा। इस वर्ष मनाली में पर्यटकों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
होटलों में इसके लिए एडवांस बुकिंग का दौर शुरू हो गया है। ट्रैकिंग के शौकीन पर्यटक भी इस वर्ष कुल्लू-मनाली का रुख कर सकते हैं। यहां के स्थानीय ट्रैकिंग रूटों की स्थानीय ट्रेवल एजेंटों से जानकारी भी हासिल की जा रही है। हाई एडवेंचर ट्रैवल एजेंसी के संचालक राकेश रावत ने कहा कि इस वर्ष भारतीय पर्यटकों की ओर से बुकिंग के लिए अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। देश के विभिन्न कोनों से पर्यटक यहां पहुंच सकते हैं। उनके अनुसार इसके लिए बुकिंग भी की जा रही है। ग्लोबल हॉलीडेज एडवेंचर टूअर्स के गगन अवस्थी का कहना है कि भारतीय पर्यटकों की अच्छी बुकिंग आ रही है।
उनके अनुसार कुछ देश अपने नागरिकों को फिलहाल वीजा नहीं दे रहे हैं। इस वजह से विदेशी पर्यटकों का खास रिस्पांस नहीं मिल रहा। उधर, होटेलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर का कहना है कि इस वर्ष पर्यटन कारोबार को पंख लगने की उम्मीद है। विदेशी पर्यटकों का रिस्पांस कम जरूर है, लेकिन आने वाले दिनों में विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है।