पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने हिमाचल में बढ़ रहे ड्रग्स के कारोबार पर अपरोक्ष रूप से अपनी ही सरकार के नेताओं, अफसरों और पिछली सरकारों को कटघरे में खड़ा किया है। धर्मशाला में प्रेस वार्ता में मनकोटिया ने कहा कि प्रदेश में प्रतिवर्ष पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।
चिंता का विषय है कि कुछ प्रमुख पर्यटक स्थलों में ड्रग्स टूरिज्म भी बढ़ रहा है। मैकलोडगंज और कुल्लू-मनाली में यह तेजी से फलफूल रहा है। हिमाचल में ड्रग्स कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित किया जा रहा है। नशे की तस्करी अफगानिस्तान से कश्मीर और फिर मैकलोडगंज और कुल्लू-मनाली हो रही है।
आरोप लगाया कि प्रदेश में ड्रग्स कारोबार को सत्ता में बैठे बड़े राजनेताओं का संरक्षण है। एक अनुमान के अनुसार सूबे के 50 फीसदी युवा नशे के आदी बन चुके हैं। युवा पीढ़ी नशे में बर्बाद न हो, इसके लिए सरकार को ठोस योजना बनाने की जरूरत है। उन्होंने नेताओं से सवाल किया कि क्या वे सचमुच हिमाचल में बढ़ते नशे के कारोबार के प्रति चिंतित हैं?