हिमाचल में झमाझम बारिश के साथ बुधवार को दक्षिण पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। बीते साल के मुकाबले इस बार मानसून ने प्रदेश में आठ दिन पहले प्रवेश किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के मुताबिक तीस जून तक पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। गुरुवार के लिए शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश रिकॉर्ड हुई। राजधानी शिमला में सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे से चार बजे तक शहर में बादल बरसे। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बारिश रिकॉर्ड की गई है। उल्लेखनीय है कि साल 2019 में दो जुलाई को शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिला में मानसून आया था। पूरे प्रदेश में पांच जुलाई से मानसून की बारिश शुरू हुई थी। साल 2018 में 27 जून और साल 2017 में पहली जुलाई को मानसून ने हिमाचल में प्रवेश किया था।
विज्ञापन
जून में 25 फीसदी कम बरसे बादल
हिमाचल में 24 जून तक सामान्य से 25 फीसदी कम बादल बरसे हैं। 1 से 24 जून तक प्रदेश में 52 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। जून में कांगड़ा और ऊना जिला में सामान्य से दस फीसदी बारिश रिकॉर्ड हुई है। कांगड़ा में अभी तक 115 और ऊना में 53 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।