नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव के सामने रखा प्रस्ताव
विज्ञापन
छोटा शिमला के ब्रॉकहॉस्ट से बीसीएस, नवबहार से सांगटी के लिए बनेंगी सड़कें अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी की मुख्य सड़कों से यातायात जाम खत्म करने के लिए नगर निगम छोटी वैकल्पिक सड़कों का निर्माण करेगा। इसके लिए तैयार किया प्रस्ताव वीरवार को महापौर सुरेंद्र चौहान ने शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव देवेश कुमार के सामने पेश किया।
सचिवालय में हुई बैठक में महापौर ने बताया कि मुख्य सड़कों पर यातायात जाम कम करने के लिए वैकल्पिक सड़कों का निर्माण हो सकता है। इसके लिए निगम ने कई सड़कें चिह्नित की है। छोटा शिमला में ब्रॉकहॉस्ट से बीसीएस तक, नवबहार से सांगटी तक, छोटा शिमला से शनान, खलीनी बाईपास से टॉलैंड तक वैकल्पिक सड़कों का निर्माण कर मुख्य सड़कों से जाम कम किया जा सकता है। महापौर ने कहा कि यदि सरकार इसमें बजट दे तो शहर को काफी फायदा होगा। महापौर ने मुख्य सड़कों से यातायात जाम कम करने के लिए बनाई जाने वाली योजनाओं को लेकर होने वाली बैठकों में निगम को भी शामिल करने की मांग की। शहरी विकास सचिव ने कहा कि निगम विस्तृत प्रस्ताव तैयार करें। सरकार इनमें मदद करेगी।
ओपीएस बहाली को लेकर सौंपा ज्ञापन
नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कर्मचारियों के साथ पुरानी पेंशन बहाली को लेकर भी सचिव को ज्ञापन सौंपा। मौके पर मौजूद नगर निगम कर्मचारियों ने कहा कि सभी विभागों में पुरानी पेंशन बहाल हो चुकी है। लेकिन नगर निगम में इसे बहाल नहीं किया गया है। बताया कि नगर निगम के कर्मचारी पहले भी पुरानी पेंशन के दायरे में आते थे। इसलिए इन्हें दोबारा पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए। सचिव ने कहा कि इस मामले पर सरकार से बात की जाएगी।