साढ़े चार करोड़ से तैयार होगा पार्किंग कांप्लेक्स
70 वाहनों को खड़े करने की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के उपनगर टुटू में पार्किंग की दिक्कत से परेशान लोगों को राहत मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग टुटू में चार मंजिला पार्किंग कांप्लेक्स का निर्माण करने जा रहा है।
पार्किंग के निर्माण पर साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसकी क्षमता 70 वाहनों को पार्क करने की रहेगी। एक गाड़ी की पार्किंग बनाने पर पांच लाख रुपये की लागत आ रही है। पार्किंग बनाने के लिए सड़क के एक हिस्से को चौड़ा किया जा रहा है जिससे लागत बढ़ी है। चार मंजिला पार्किंग के निर्माण कार्य के लिए दस मीटर हिस्सा चौड़ा किया है। इसके अलावा सड़क के किनारे 20 मीटर का डंगा भी लगाया जा रहा है। शहर में पार्किंग की समस्या को सुलझाने के लिए शहर के सभी इलाकों में पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। विकासनगर, कसुम्पटी, पुराना बस अड्डा और संजौली में पहले से ही पार्किंग के निर्माण कार्य चले हुए हैं। इस पर 50 करोड़ रुपये से ज्यादा पैसे खर्च हो रहे हैं।
सड़क किनारे से हट जाएंगे वाहन
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (शिमला ग्रामीण) राजेंद्र अग्रवाल ने बताया की पार्किंग के बनने से सड़क किनारे लगी गाड़ियां हट जाएंगी। इससे सुबह और शाम के वक्त जाम नहीं लगेगा। विभाग पूरी तेजी से काम कर रहा है। लोक निर्माण विभाग का अगले साल तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।