जिला शिमला के तहत उपमंडल चौपाल में भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। नगर पंचायत चौपाल के वार्ड नंबर चार में मदन गोपाल शर्मा पुत्र जस्सा राम का लकड़ी से बना तीन मंजिला मकान जलकर राख हो गया है।
मकान के सभी 30 कमरे, रसोई घर और बाथरूम आग की भेंट चढ़ गए। इसके साथ ही मकान में रह रहे करीब 20 किराएदारों का सामान भी जल गया है। देवदार की लकड़ी का ये मकान 70 के दशक में बना था।
प्रारंभिक आधार पर आग से एक करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि अभी आग से किराएदारों को हुए नुकसान का आकलन होना बाकि है।
किराएदारों ने ऐसे बचाई जान
जानकारी के अनुसार मकान में सोमवार शाम 6:05 मिनट पर आग लगी। इससे स्थानीय लोगों और मकान में रह रहे किराएदारों में अफरा-तफरी मच
गई। आनन-फानन में लोग जान बचाकर मकान से बाहर भागे, लेकिन सामान नहीं निकाल पाए।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने के बाद अंदर रखे करीब पांच एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट हुए, जिससे आग और भड़क गई। आग लगने के बाद सैंकड़ाें की संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सभी ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन काबू नहीं पाया जा सका।
बिना पानी के पहुंच गया अग्निशमन वाहन
उधर, अग्निशमन विभाग आग बुझाने में एक बार फिर नाकाम रहा है। हैरानी की बात है कि अग्निशमन वाहन 6: 35 पर घटनास्थल पर पहुंचा, जबकि मकान से विभाग के कार्यालय की दूरी मात्र 500 मीटर है।
लापरवाही का आलम यहीं खत्म नहीं हुआ। हद तो तब हुई जब अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर बिना पानी के ही पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने अपने घरों से पानी लाकर साथ लगते तीन मकानों को आग से बचाया। अन्यथा नुकसानका आंकड़ा बढ़ सकता था।
वार एसोसिएशन चौपाल के अध्यक्ष धीरेंद चौहान ने कहा कि अग्निशमन विभाग को आग लगने के तुरंत बाद सूचित किया गया था लेकिन विभाग लापरवाह बना रहा। अगर समय पर फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंच जाता तो नुकसान को कम किया जा सकता था।
प्रशासन ने दिया मदद का भरोसा
वहीं आग लगने के तुरंत बाद एसडीएम चौपाल अनिल चौहान, डीएसपी संतोष शर्मा और बीडीओ निशांत शर्मा मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने प्रभावितों को हर संभव सहायता देने की बात कही।
डीएसपी संतोष शर्मा ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन चल रही है। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन और प्रभावितों की मदद पर जोर दिया जा रहा है।