हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में कार्यरत 18 हजार कर्मचारियों को मई महीने में बढ़कर तनख्वाह मिलेगी। बोर्ड प्रबंधन ने तीन फीसदी महंगाई भत्ता देने की अधिसूचना जारी कर दी है। जुलाई 2016 से मार्च 2017 तक का एरियर जीपीएफ में ब्याज सहित जाएगा।
पेंशनरों को नौ माह के डीए का एरियर मई माह में एकमुश्त मिलेगा। बिजली बोर्ड की कार्यकारी निदेशक कार्मिक कुमुद सिंह ने अधिसूचना जारी करने की पुष्टि की है। प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों महंगाई भत्ते को 127 प्रतिशत से बढ़ाकर 130 प्रतिशत किया है।
ये एक जुलाई 2016 से देय होगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बजट भाषण में बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता देने का एलान किया था। पहली अप्रैल को सरकार ने डीए जारी करने की अधिसूचना जारी की थी। मंगलवार को बिजली बोर्ड ने मई महीने के वेतन में बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता देने का फैसला लिया।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जो कर्मचारी इस बीच सेवानिवृत्त हुए हैं या जिन्होंने अपने जीपीएफ खातों को बंद किया है और जो कर्मचारी कंट्रीब्यूटरी पेंशन फंड के तहत आते हैं, उन्हें डीए की अतिरिक्त किस्त अप्रैल 2017 के वेतन/पेंशन में नकद दी जाएगी।