देर रात शिमला के साथ लगते ठियोग के पास पिकअप हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक के नियंत्रण खोने से गाड़ी सड़क से करीब 500 मीटर खाई में जा गिरी। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात यह पिकअप सैंज से देहा की ओर जा रही थी।
छैला के पास पिकअप सड़क से 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में दिनेश पांडे पुत्र बालक राम गांव सुधमापुरी, ठियोग और सुनील पुत्र रोशन लाल, गांव बेहलाबाग, ठियोग की मौके पर ही मौत हो गई। ठियोग पुलिस को हादसे की सूचना वीरवार सुबह मिली।
इसके बाद पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों लोगों के शवों को घटनास्थल से बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ठियोग अस्पताल लाया गया। हादसे की पुष्टि करते हुए पुलिस चौकी छैला के एएसआई केशव चंद ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों का सौंप दिए हैं।