बद्दी-सराजमाजरा गुजरां के तीन युवकों की राजस्थान के बागड़ की यात्रा पर जाते समय चंडीगढ़-हिसार हाईवे पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह मामला शुक्रवार तड़के का है। जब सराजमाजरा गुजरां गांव से चार युवक तीर्थ स्थान बागड़ दर्शनों के लिए जा रहे थे।
जींद के पास अचानक उनकी गाड़ी का टायर फट गया और वह सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखचे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी दनौदा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवाओं को गाड़ी से बाहर निकाला।
छानबीन करने पर तीन युवाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि चौथे युवक को अस्पताल में दाखिल किया है। उधर, घटना की सूचना सराजमाजरा में मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई और पूरा बद्दी शहर शोक में डूब गया।
मृतकों में कमल कुमार आयु 24 वर्ष पुत्र वीर सिंह सराजमाजरा गुजरां, मोहित कुमार उम्र 12 वर्ष भी कमल की मौसी का लड़का है। तीसरा डॉक्टर मुकेश पाल बिहार का रहने वाला था और बद्दी में अपना क्लीनिक चलाता था।
चौथा युवक भी बिहार का रहने वाला था तथा पूरी तरह से स्वस्थ है। दुर्घटना पर नगर परिषद चेयरमैन नरेंद्र दीपा, उपाध्यक्ष सुषमा गुरमीत कुंडलस, पूर्व उपाध्यक्ष बंत सिंह, पार्षद संदीप सचदेवा ने गहरा शोक व्यक्त किया है।