दिल्ली से दिवाली मनाने आ रहे फतेहपुर के हाड़ा गांव के तीन युवकों की मौत से गांव में मातम पसर गया है। नौजवान तीन युवकों की मौत से गांव में दिवाली का त्योहार बेरंग हो गया। हाड़ा गांव के 3 युवकों मिथुन, प्रदीप और लक्की की सड़क दुर्घटना में मौत पर कोई विश्वास नहीं कर पा रहा है।
युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सड़क हादसे में गांव का बाबा नाम का एक युवक गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। सभी युवक दिल्ली में टैक्सी चलाते थे। दुर्घटना में दो सगे भाईयों में से एक (लक्की) की मौत हो गई, जबकि दूसरा (बाबा) गंभीर रूप से घायल है। तीन मृतकों में से मिथुन सिहं और प्रदीप सिंह अविवाहित थे। मृतक लक्की की दो बेटियां हैं।
दुर्घटना अंबाला में बुधवार देर शाम दीवाली वाले दिन हुई। मिथुन सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि प्रदीप और लक्की ने पीजीआई चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पारिवार के सदस्य चंडीगढ़ रवाना हो गए हैं। तीनों युवकों के शव शुक्रवार सुबह पहुंचने की उम्मीद है। गांव वालों के अनुसार युवकों ने दिल्ली से चलने से पहले कहा था कि वे रात को करीब 10 बजे गांव में पहुंचेंगी। यहां पहुंचकर ही वह दिवाली मनाएंगे।
मृतक युवकों के नाम
1. मिथुन सिहं (21) पुत्र राज सिंह
2. प्रदीप सिंह (26) पुत्र स्वर्गीय फकीर चंद
3. लक्की (28) पुत्र स्वर्गीय जगदेव सिंह
घायल युवक
1. बाबा (22) पुत्र स्वर्गीय जगदेव सिंह पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन