अलमारी के लॉकर तोड़े, कीमती सामान नहीं लगा हाथ, एक घर से बच्चों के कंगन चुराकर ले गए शातिर
टुटू क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं चोर, जतोग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के टुटू क्षेत्र में मज्याठ वार्ड के दिव्यनगर में तीन घरों के ताले टूटने का मामला सामने आया है। इससे क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। चोरों ने घरों के कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखी अलमारियों के ताले भी तोड़ दिए। चोरों ने पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और कीमती सामान की तलाश की। गनीमत रही कि तीनों ही घरों में कोई कीमती सामान नहीं चोरी हुआ है। हालांकि एक घर से चोर बच्चों के चांदी के कंगन जरूर चुराकर ले गए हैं।
शिकायतकर्ता परसराम भवानी (बबलू) निवासी दिव्यनगर ने बताया कि पारिवारिक कार्यक्रम के लिए गांव बिलासपुर गए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी साथ गए थे। अज्ञात लोगों ने बेटे के कमरे का ताला तोड़कर अलमारी को खंगाल और कमरे में रखा सामान बिखेर दिया। घर में कीमती सामान तो नहीं था, लेकिन छोटे बच्चों के कंगन जो अलमारी में रखे थे, उन्हें चोरी करके ले गए। शनिवार शाम को जब परिवार के साथ घर पहुंचे तो इस घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना जतोग पुलिस चौकी को दी। उन्होंने बताया कि उनके घर के साथ लगते एक अन्य मकान में रहने वाले किरायेदार के कमरे और दिव्यनगर के एक और घर में भी चोरी का प्रयास किया गया है। इन दोनों घरों से किसी प्रकार का कीमती सामान चोरी नहीं हुआ है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर परसराम भवानी के बयान दर्जकर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी टुटू क्षेत्र में पिछले कुछ महीने पहले एक साथ चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वहीं कई बार कई घरों में चोरी का प्रयास किया जा चुका है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।