गाड़ी चुराने के बाद कबाड़ बनाकर बेच देते थे आरोपी, जुन्गा के गानिया से पकड़ा आरोपी
क्रॉसर
जुब्बल से चुराए वाहन की आरोपी काट रहा था चैसी
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। पुलिस ने लोगों की मदद से वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के दो सदस्य फरार बताए जा रहे हैं जबकि एक गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वाहन चुराने के बाद उन्हें कबाड़ में बदलकर बेच देते थे।
पुलिस चौकी जुन्गा के प्रभारी एएसआई मोहिंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर पश्चिमी बंगाल के रहने वाले मेकेनिक राजू को हिरासत में लिया है। इसके अलावा दो आरोपी राकेश और संजू की तलाश जारी है। बताया कि यह गाड़ी जुब्ब्ल थाना के तहत सरस्वतीनगर से तीन जनवरी को गुम हुई थी। इसकी रिपोर्ट जुब्बल थाना में दर्ज है। जुन्गा के गानिया में इस वाहन की चैसी को काटकर यह बेचने की तैयारी में थे।
शातिरों ने गाड़ी का नंबर मिटा दिया था। खड़ापत्थर में बर्फ गिरने के कारण पुलिस थाना जुब्बल के अधिकारी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंच पाए। सरस्वतीनगर पुलिस चौकी के प्रभारी एवं एएसआई सोहनलाल ने बताया कि 5 जनवरी को गाड़ी के गुम होने की सूचना मिली थी। रोड खुलने पर छानबीन की जाएगी तब तक आरोपी जुन्गा पुलिस की हिरासत में रहेंगे।
युवाओं की मदद से हत्थे चढ़ा गिरोह का सदस्य
पुलिस के मुताबिक जुन्गा के ट्रहाई और गानिया के युवाओं ने गानिया में कुछ अजनबी लोगों को एक टेंपो गाड़ी की चैसी को काटते हुए देखा। स्थानीय निवासी सुरेश वर्मा, प्रदीप ब्रागटा, कर्म सिंह, संदीप ब्रागटा और देवेंद्र कुमार नंबरदार को इनकी हरकतों पर कुछ शक हुआ। वाहन की चैसी काट रहे मिस्त्री से जब स्थानीय युवाओं ने सवाल-जवाब किए तो वह सही जवाब नहीं दे पाया। इस पर सुरेश वर्मा ने रात करीब दस बजे पुलिस चौकी जुन्गा को सूचना दी। लेकिन वहां कोई रिस्पांस नहीं मिला।
12 घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस
लोगों का आरोप है कि रात को ही जुन्गा पुलिस चौकी को सूचना दे दी थी लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस हेल्पलाइन शिमला पर शिकायत की गई। लेकिन इसके बावजूद 12 घंटे बाद पुलिस शनिवार सुबह मौके पर पहुंची। स्थानीय युवाओं ने पूरी रात कड़ाके की ठंड में खुद वहां पकड़ी गाड़ी की चौकीदारी की। लोगों का आरोप है कि ट्रहाई गांव से कुछ किसानों की लिफ्टों की तारें और अन्य सामान भी कई बार चोरी हो चुका है। शायद इसी गिरोह का यह कार्य हो सकता है। दूसरी तरफ पुलिस चौकी जुन्गा के प्रभारी मोहिंद्र सिंह ने बताया कि गाड़ी में पेट्रोल न होने पर रात को मौके पर नहीं पहूंच पाए।
शरारती तत्वोें कर रहे माहौल खराब
जुन्गा पुलिस के देरी से आने पर स्थानीय पंचायत प्रधान किरण शर्मा ने नाराजगी जाहिर की है। किरण शर्मा ने कहा कि दस सालों में पांच हत्याएं हुई हैं और आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया है, शरारती तत्वोें यहां माहौल खराब कर रहे हैं। कहा कि पुलिस के देरी से आने का मामला उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।