तीन जगह ट्रेन सेट रोकने से लगा अधिक समय
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर वीरवार को दो दिन बाद फिर से तीन बोगी वाले डीजल हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट ट्रेन सेट (डीएचएमयू) का ट्रायल किया गया। इस बार ट्रेन सेट को 4.7 टन वजन के साथ कालका से शिमला तक चलाया गया।
ट्रेन सेट कालका से शिमला तक सात घंटे में पहुंचा। सोमवार को इसे कालका से शिमला पहुंचने में छह घंटे लगे थे। इस बार धर्मपुर, बड़ोग और कंडाघाट स्टेशन पर ट्रेन सेट को कुछ देर के लिए रोका था जिस कारण समय अधिक लगा। इस दौरान ट्रेन के रेडिएटर के इंजनों का तापमान चेक किया गया। यह ट्रेन सेट कालका से सुबह 9:15 बजे चला था और शिमला स्टेशन पर शाम 4:15 बजे पर पहुंचा। यह ट्रायल वीरवार को पूरा हो गया। इसे मंगलवार को केवल सोलन तक चलाया गया था। अब पूरी जांच के बाद रिपोर्ट रेल मंत्रालय को भेजी जाएगी। अभी तक ट्रायल के दौरान कोई भी समस्या पेश पहीं आई। इसके बाद ही पता चल पाएगा कि ट्रायल कितना सफल हुआ और क्या इसे भविष्य में चलाया जाएगा इस पर फैसला होगा। गौरतलब है कि कालका से शिमला तक सैलानी ट्रेन का सफर करना चाहते हैं। यह ट्रैक हसीन वादियों से होकर शिमला तक पहुंचता है। हर साल हजारों सैलानी कालका से शिमला और शिमला से कालका तक चलने वाली ट्रेनों में सफर करते हैं।