हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब क्षेत्र में प्रदेश का दूसरा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए प्रशासन ने कदमताल शुरू कर दी है। नैहरी क्षेत्र में 144 कनाल भूमि चिह्नित कर ली गई है। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस कॉलेज के खुलने से ऊना के अलावा हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा सहित अन्य जिलों के युवाओं को लाभ मिलेगा। मौजूदा समय में प्रदेश में केवल एक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज पपरोला में है। ऊना जिले में दूसरा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से स्थानीय लोगों के अलावा प्रदेश के लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
एसडीएम अंब मनेश कुमार ने बताया कि उपमंडल के नैहरी क्षेत्र में भूमि हस्तांतरण के लिए फाइल उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। आगामी प्रक्रिया भूमि हस्तांतरण के बाद ही शुरू होगी। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि अंब उपमंडल के तहत नैहरी क्षेत्र में आयुर्वेदिक में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। भूमि हस्तांतरण के बाद फाइल आयुष मंत्रालय को भेजी जाएगी।
स्टाफ नर्स के बैचवाइज भरे जाएंगे 89 पद
उधर, ऊना में रोजगार की राह ताक रही प्रशिक्षित बेरोजगार नर्सों के लिए नौकरियों के द्वार खुल गए हैं। स्टाफ नर्स के 89 पद बैच के आधार पर भरे जाएंगे। इन पदों में सामान्य श्रेणी के 35 पद जून 2011 बैच, सामान्य वर्ग की ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 8 पद दिसंबर 2011 बैच, एससी श्रेणी में 17 पद मार्च 2011 बैच, एससी बीपीएल श्रेणी में 6 पद मई 2013 बैच, ओबीसी श्रेणी में 15 पद मार्च 2011 बैच, ओबीसी बीपीएल श्रेणी में 3 पद मार्च 2011 बैच, ओबीसी वर्ग की स्वतंत्रता सेनानी श्रेणी में 1 पद अब तक का बैच, एसटी श्रेणी में 3 पद दिसंबर 2011 बैच अैर एसटी बीपीएल श्रेणी में 1 पद मार्च 2012 तक शामिल हैं।
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं के साथ जीएनएम या नर्सिंग में डिप्लोमा उत्तीर्ण किया होना अनिवार्य है। इस संबंध में जिला रोजगार अधिकारी ऊना अनीता गौतम ने बताया कि बैचवाइज भर्ती के लिए प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि जिनका नाम रोजगार कार्यालय में दर्ज है वे संबंधित रोजगार कार्यालय में 31 अगस्त से पहले उपस्थिति सुनिश्चित करें ताकि आवेदकों का नाम विभाग को भेजा जा सके। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01975-226063 पर संपर्क कर सकते हैं।