अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) से लापता बुजुर्ग महिला को तीन दिन बाद भी पुलिस नहीं ढूंढ पाई है। महिला को पुलिस की टीमें शहर में जगह-जगह तलाश कर रही हैं। इसके अलावा परिजन भी अपने स्तर पर उन्हें ढूंढने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं लेकिन शनिवार को तीसरे दिन भी बुजुर्ग महिला नहीं मिल पाई हैं।
लापता होने के बाद उन्हें शुक्रवार सुबह ढली के पास देखा गया था। पुलिस सूचना मिलने पर जब मौके पर पहुंची लेकिन वह यहां नहीं मिली। 19 जून को संजोगता नाग (78) बेटी सुरुपमा नाग के साथ संकटमोचन से आईजीएमसी उपचार के लिए आईं थीं। वह डिमेंशिया से पीड़ित हैं। यहां दोपहर 1:30 बजे के करीब बुजुर्ग महिला बेटी से अगल हो गईं। इसके बाद सरुपमा नाग ने अस्पताल परिसर में उन्हें हर जगह तलाश किया लेकिन वह कहीं नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी में दर्ज करवाई। पुलिस की टीमों ने शहर में सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन इसमें कहीं पर भी वह नजर नहीं आ रही हैं। हालांकि लोगों और पुलिस की जानकारी के मुताबिक उन्हें अग्रवाल धर्मशाला, ढली और शोघी में दिखाई देने की सूचना मिली लेकिन जब पुलिस की टीम और परिवार वहां पहुंचा तो उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिलीं। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया है।