समरहिल वार्ड में पार्क को संवारेगा नगर निगम
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। शहर के विभिन्न वार्डों में सड़कों, रास्तों और पार्कों के मरम्मत कार्यों पर 29 लाख रुपये खर्च होंगे। दो महीने के भीतर इनका काम पूरा किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शहर के वार्ड नंबर पांच समरहिल में आंदड़ी पार्क से द्रौपदी निवास तक का रास्ता पक्का किया जाएगा। इसी वार्ड में शिव बावड़ी मंदिर के पास बने पार्क का जीर्णोद्धार किया जाएगा। नाभा वार्ड में ऑल इंडिया रेडियो से 103 टनल तक के रास्ते की मरम्मत भी की जाएगी। राज विला से पीएचसी फागली तक के रास्ते का रखरखाव किया जाएगा। वार्ड नंबर 16 जाखू में दत्ता टी स्टॉल से वर्मा अपार्टमेंट सड़क तक का रास्ता सुधारा जाएगा। इस वार्ड में विभिन्न सड़कों और रास्तों का रखरखाव किया जाएगा। नगर निगम का कहना है कि बरसात से पहले इसका काम शुरू किया जाएगा। शहर के कनलोग वार्ड में भी 4.85 लाख रुपये से रास्तों की मरम्मत की जाएगी।