गिरवी रखी संपत्ति और गाड़ियां बेचकर वसूली कर सकेगा बैंक संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। बैंक से लिए 1.06 करोड़ रुपये के ऋण की किस्तें नहीं चुकाने पर अब कर्जदार और गारंटर को 93,30,433 रुपये की बकाया राशि ब्याज सहित लौटानी होगी। इसमें कुछ किस्तें चुकाने के बाद ऋण का भुगतान बंद कर दिया था।
ऋण वसूली अधिकरण चंडीगढ़ के पीठासीन अधिकारी एएस नारंग की अदालत ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पक्ष में फैसला सुनाते हुए यह आदेश दिया है। चक्कर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में आयोजित कैंप कोर्ट ने सोलन के सपरून निवासी अमनदीप सिंह गोधन और मोहाली निवासी गारंटर सर्वप्रीत चावला को बकाया राशि चुकाने के आदेश दिए हैं। अदालत ने बैंक को यह अधिकार दिया है कि वह बकाया राशि की वसूली के लिए गिरवी रखी संपत्ति और फाइनेंस की गई दोनों गाड़ियों को बेच सकता है। मामले के अनुसार यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की न्यू शिमला शाखा से अमनदीप सिंह ने वर्ष 2016 में तीन अलग-अलग ऋण लिए थे। इनमें 23 अगस्त और 30 सितंबर 2016 को वाहन खरीदने के लिए 49-49 लाख रुपये के दो टर्म लोन लिए थे। इन दोनों ऋणों के एवज में दो वाहन बैंक के पास हाइपोथिकेट किए थे।
विज्ञापन
दोनों वाहन ऋणों में सर्वप्रीत चावला ने गारंटी दी थी। इसके अलावा एक अक्तूबर 2016 को आठ लाख रुपये का पर्सनल लोन भी लिया गया था, जिसके बदले संपत्ति गिरवी रखी गई थी। ऋण की किस्तें नहीं चुकाने के कारण सात जून 2019 तक बकाया राशि बढ़कर 93,30,433 रुपये हो गई। इसके बाद बैंक ने ऋण वसूली के लिए डीआरटी में याचिका दायर की। समन तामील होने के बावजूद दोनों प्रतिवादी अदालत में पेश नहीं हुए। इसके चलते 27 जनवरी 2026 को उनके खिलाफ एकतरफा कार्यवाही शुरू की गई। अदालत ने बैंक की ओर से पेश किए साक्ष्यों के आधार पर 20 जून 2019 से भुगतान की तारीख तक ब्याज सहित बकाया राशि वसूलने के आदेश दिए हैं।
इसमें पहले वाहन ऋण की 41,91,630 रुपये की बकाया राशि पर 9.25 प्रतिशत, दूसरे वाहन ऋण की 43,24,397 रुपये की राशि पर 9.40 प्रतिशत और पर्सनल लोन की 8,14,406 रुपये की राशि पर 11.25 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा। अदालत के आदेश के अनुसार दोनों वाहन ऋणों की देनदारी अमनदीप सिंह और सर्वप्रीत चावला की संयुक्त रूप से होगी जबकि पर्सनल लोन चुकाने की पूरी जिम्मेदारी मुख्य कर्जदार अमनदीप सिंह की रहेगी। बैंक गिरवी रखी संपत्ति और दोनों वाहनों को बेचकर अपनी बकाया राशि की वसूली कर सकेगा।