जून में नगर निगम ने निजी और सरकारी निर्माण कार्याें के लिए खोदाई और कटिंग के कार्यों पर लगा दी थी रोक
तीन महीने बाद रोक हटने से लोग अब शुरू कर सकेंगे कार्य
नए निर्माण में आएगी तेजी, बड़े प्रोजेक्ट भी पकड़ेंगे रफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मानसून सीजन के दौरान राजधानी में निर्माण कार्याें के लिए खोदाई और कटाई के कार्यों पर जून माह में लगाई रोक हटा दी है। नगर निगम ने शनिवार को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं।
शहरवासी अब सोमवार से ही निर्माण और बचाव कार्य शुरू कर सकेंगे। इससे उन भवन मालिकों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी जो भवनों के निर्माण के लिए रोक हटने का इंतजार कर रहे थे। इसके अलावा भूस्खलन के कारण खतरे की जद में आए भवनों को बचाने का काम भी शुरू किया जा सकेगा। जून से जारी भारी बारिश के कारण शिमला शहर में इस बार भारी नुकसान हुआ है। शहर में 150 से ज्यादा मकान ऐसे हैं जिन्हें भूस्खलन से नुकसान पहुंचा है। इनमें 50 से ज्यादा भवन तो ऐसे हैं जिनकी नींव पर लगे डंगे ढह गए हैं। इनमें कई मकान खाली करवाए जा चुके हैं जबकि बाकियों में रह रहे लोग डर के साये में जी रहे हैं। ये लोग बरसात थमने और नगर निगम की लगाई रोक हटने का इंतजार कर रहे थे। नगर निगम के अनुसार अब मानसून लगभग वापस लौट चुका है। शहर में भारी बारिश का दौर भी खत्म हो गया है। ऐसे में लोगों को राहत देना जरूरी है।
विज्ञापन
सरकारी निर्माण कार्य भी हो सकेंगे शुरू
शहर में कई बड़े प्रोजेक्टों के निर्माण कार्य भी पिछले तीन महीने से भारी बारिश के कारण बंद पड़े थे। विधानसभा फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अब फिर से रफ्तार पकड़ेगा। इसी तरह शहर में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग समेत अन्य सरकारी और निजी एजेसिंया भी अब निर्माण कार्य शुरू कर सकेंगी। नगर निगम के अनुसार ऐसे लोग जिन्होंने नगर निगम से नक्शा पास करवा लिया है, वह भी अब भवन निर्माण का काम शुरू करवा सकते हैं।
खोदाई से हटा दी है रोक : आयुक्त
नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि राजधानी में सरकारी और निजी निर्माण कार्याें पर लगाई रोक हटा दी गई है। इस बारे में अधिसूचना भी जारी की जा रही है। लोग अब खोदाई और कटिंग जैसे काम कर सकेंगे।