दो साल में 631 लोगों को वन अधिकार पट्टे
प्रदेश में वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत पिछले दो वर्षों में 631 पात्र लोगों को व्यक्तिगत भूमि पट्टे स्वीकृत किए गए हैं। जानकारी राजस्व मंत्री ने विधानसभा में शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया की ओर से पूछे गए प्रश्न के लिखित जवाब में दी। विधायक केवल सिंह पठानिया ने सरकार से प्रदेश में वन अधिकार अधिनियम के तहत दिए गए पट्टों की संख्या के साथ शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कजलोट और जमली गांव के बेघर हुए लोगों को भूमि पट्टे देने की स्थिति और समय-सीमा को लेकर भी सवाल पूछा था। सरकार ने कजलोट गांव के मामलों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि कांगड़ा के उपायुक्त की रिपोर्ट के अनुसार यहां के छह दावे महाल सभा से प्राप्त हुए थे। हालांकि, जांच के दौरान इन दावों में कुछ त्रुटियां पाई गईं। इन्हें दूर करने के लिए संबंधित दावे वापस भेज दिए गए हैं। जमली गांव के लोगों के दावों को लेकर सरकार ने बताया कि एसडीएलसी धर्मशाला के कार्यालय में अभी तक कोई दावा प्राप्त नहीं हुआ है।