शोघी में दो दिवसीय आनंद मेले का समापन, कबड्डी में आनंदपुर की टीम जीती
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले के शोघी में दो दिवसीय आनंद मेला रविवार को समापन हो गया। मेले में उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर चेस और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के साथ बाहरी राज्यों की टीमों ने भी भाग लिया। सीनियर चेस प्रतियोगिता में विशाल विजेता और धीरज उपविजेता रहे। इसी तरह जूनियर चेस प्रतियोगिता में कार्तिकेय विजेता और प्रभनूर सिंह उपविजेता रहे। जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में आनंदपुर की टीम विजेता रही, जबकि दभोटा टीम उपविजेता रही। इस मौके पर मुख्यातिथि ने कहा कि खेल हमारी ताकत हैं और हमें इन्हें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। स्वस्थ जीवनशैली को बनाए रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा को निखारें। आज खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम ही नहीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी प्रदान कर रहे हैं।
इस मौके पर एसडीएम शिमला ग्रामीण कार्तिकेय शर्मा, तहसीलदार शिमला ग्रामीण संजीव गुप्ता, खंड विकास अधिकारी बृजेश भारद्वाज, मेला कमेटी अध्यक्ष पवन शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।