बांग्लादेश के ढाका में आईएचएफ हैंडबॉल प्रतियोगिता में भारत की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान बांग्लादेश को एकतरफा मुकाबले में परास्त कर खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की इस टीम में हिमाचल की तीन खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने में अपनी भूमिका अदा की।
उल्लेखनीय है कि भारत की टीम ने अपने ग्रुप में सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं वीरवार को खेले गए मैच में भी भारत की खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन जारी रखा और बांग्लादेश को उसी की धरती पर हराकर कप अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में आक्रामक रुख अपनाते हुए भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 47-26 से रौंद दिया। भारतीय टीम में शामिल हिमाचल की बबिता, मोनिका और निधि शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते किया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भारतीय टीम ने ग्रुप मुकाबलों में
पाकिस्तान को भी बाहर का रास्ता दिखाया था। हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष बंबर ठाकुर ने टीम के शानदार प्रदर्शन पर भारतीय हैंडबॉल संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय, टीम की मुख्य कोच मनीषा राठौर तथा सहायक कोच दिनाकरन तथा प्रशिक्षक स्नेहलता को बधाई दी है। कहा कि हिमाचल पहुंचने पर उक्त खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।