हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अब असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए नेट (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) अनिवार्य करने जा रहा है। पीएचडी धारक को भी अब पूर्व की तरह यूजीसी के नियमों के तहत छूट नहीं मिलेगी, बल्कि उसे भी नेट पास करना जरूरी हो जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले और यूजीसी की नई गाइडलाइन के तहत विवि प्रशासन शिक्षक भर्ती नियमों में बदलाव करने जा रहा है। इस मसले पर ईसी में अंतिम मुहर लगेगी। इस फैसले का असर नई शिक्षक भर्ती पर भी पड़ेगा। विवि प्रशासन शिक्षकों के 200 नए पद भरने जा रहा है।
इसके लिए 4500 से अधिक आवेदन आ चुके हैं। अब अगर नेट की शर्त पर ईसी में मुहर लगती है तो सैकड़ों आवेदकों को झटका लग सकता है। विवि प्रशासन सितंबर 2014 में विज्ञापित शिक्षक के पदों लिए नए सिरे से नेट की शर्त लगाकर आवेदन मंगा सकता है।