राजधानी में एक वाहन से कुचलकर हुई मासूम की मौत ने सबको झकझोरकर रख दिया है। मां शिलबिनिया और पिता पास्कल केरकेड़ा निवासी रुद्ररुप निवासी झारखंड दोनों मेहनत मजदूरी करते हैं। पुलिस मुख्यालय के पास पार्किंग में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मां की चीखों से हर कोई रुआंसा हो गया। बच्चे को गोद में लिए मां हर तरह से उसे आंख खोलने के लिए पुकारती रही लेकिन उसने आंखें नहीं खोली। शिलबिनिया ने छह माह पहले ही पिगल को जन्म दिया था। लेकिन गरीबी के चलते जल्द ही फिर से अपने पति पास्कल के साथ मजदूरी करने चली आई।
आती भी क्यों न घर में दो वक्त की रोटी का जुगाड़ जो करना है। इसलिए बच्चे को भी साथ ले आई। सरकार ने हालांकि शहर में क्रेच खोल रखे हैं लेकिन बच्चे को हर एक घंटे बाद दूध पिलाने की फिक्र में बच्चे को पास ही एक पार्किंग में सुला दिया था। टैक्सी चालक बच्चे को नहीं देख पाया और वह वाहन के नीचे कुचला गया। पुलिस के मुताबिक निगम बिहार में लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय के पास पार्क़िग में कार्य चल रहा था। पार्किंग में गाड़ियों का प्रवेश वर्जित था। महिला मजदूर काम में लगी थी, उसने पार्किंग के एक तरफ बच्चा सुलाया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक गाड़ी मोड़ने के लिए वहां आया था।
गाड़ी मोड़ते हुए आरोपी की नजर सो रहे बच्चे पर नहीं पड़ी और तेजी से टायर बच्चे के ऊपर चढ़ा दिए। इस बीच मौजूद लोगों ने हादसा होते देख लिया। इसके बाद पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों के बयान लिए हैं, जबकि आरोपी का मेडिकल करवाकर उसे गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सपुर्द किया जाएगा। आरोपी कौशल विकास निगम में टैक्सी चलाता है। एसडीएम शहरी नीरज चांदला ने बताया कि प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से शुक्रवार सुबह राहत राशि प्रदान की जाएगी।