केंद्र सरकार की ओर से नोट बंदी के फैसले से परेशान आम लोगों के लिए अच्छी खबर है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड ने लोगों की सुविधा के लिए प्रदेश भर के 25 पेट्रोल पंपों पर डेबिट कार्ड स्वैप करने पर दो हजार कैश उपलब्ध करवाया जा रहा है। दो दिसंबर के बाद पेट्रोल पंप पर पुराने 500 और 1000 के नोट लेने बंद किए जाएंगे।
इसके लिए डेविट कार्ड, पेटीएम की सुविधा लोगों को उपलब्ध होगी। कैश के लिए एटीएम और बैंकों में लोगों की भीड़ को देखते हुए हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने प्रदेश भर में 25 पंपों पर डेविट कार्ड स्वैप करने पर दो हजार रुपये कैश उपलब्ध करवाने की सुविधा शुरू की है।
वीरवार को मंडी के विभिन्न एटीएम में लोगों की लाइनों के बीच शहर के पड्डल में स्थित एचपीसीएल पेट्रोल पंप पर कई लोगों ने वाहन में तेल भरवाने के साथ इस सुविधा का लाभ उठाकर कैश निकाला। विशेषकर बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक व अन्य कारोबारियों को एटीएम की लंबी लाइनों से निजात दिलाते हुए आसानी से पैट्रोल के साथ कैश भी उपलब्ध करवाया गया।