एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि परिजनों के अनुसार अमित पुत्र राम कृष्ण निवासी वार्ड पांच गोंदपुर बनेहड़ा को 21 अप्रैल को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था। पिता का आरोप है कि वह तीन-चार बार उससे मिलने केंद्र में गए, लेकिन उन्हें सीसीटीवी की फुटेज में ही उसे दिखाया जाता।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में उपमंडल हरोली के कांगड़ बढ़ेड़ा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में गोंदपुर बनेहड़ा के बीटेक के छात्र अमित कुमार (28) की वीरवार रात संदिग्ध मौत हो गई। केंद्र संचालक रात तीन बजे ही शव परिजनों को सौंप आए। परिजनों का आरोप है कि बेटे की पीट-पीटकर हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक के शरीर पर जगह-जगह चोटों के निशान हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस केंद्र के सीसीटीवी फुटेज जांच रही है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 304ए (लापरवाही से मौत) के तहत केंद्र संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत के कारणों का पता चलेगा। एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि परिजनों के अनुसार अमित पुत्र राम कृष्ण निवासी वार्ड पांच गोंदपुर बनेहड़ा को 21 अप्रैल को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था।
पिता का आरोप है कि वह तीन-चार बार उससे मिलने केंद्र में गए, लेकिन उन्हें सीसीटीवी की फुटेज में ही उसे दिखाया जाता। दो रोज पहले संचालकों ने उनसे दो हजार रुपये भी लिए, ताकि युवक को अच्छी डाइट दी जा सकें। इस बीच वीरवार मध्य रात्रि लगभग डेढ़ बजे उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि उनके बेटे को दिल का दौरा पड़ गया है और उसे अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद फोन करने पर भी केंद्र संचालकों से संपर्क नहीं हो पाया। रात्रि तीन बजे युवक के शव को लेकर केंद्र संचालक उनके घर पर पहुंचे और परिजनों को सौंपकर चले गए।
विज्ञापन
संचालकों ने शव पर जगह-जगह चोटों के निशानों के बारे में कोई जवाब नहीं दिया। परिजनों ने पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस को इसकी सूचना दी। युवक की संदिग्ध मौत की जांच करने और नशा मुक्ति केंद्र संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए शुक्रवार सुबह गांववासियों ने नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे को पीट-पीट कर मारा गया है। उन्होंने कहा कि मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है तो शरीर पर चोटों के निशान क्यों हैं। उधर, घटना के बाद सीएमओ डा. मंजू बहल ने भी नशा मुक्ति केंद्र का दौरा कर जायजा लिया।