कार रैली की दुनिया में रफ्तार का सौदागर कहे जाने वाले सुरेश राणा एक बार फिर चैंपियन बनकर उभरे हैं। 10 बार रेड-डी-हिमालयन कार रैली के विजेता सुरेश राणा ने लगातार तीसरी बार डेजर्ट स्टार्म कार रैली का खिताब अपने नाम किया है। राजस्थान के गर्म थार मरुस्थल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय डेजर्ट स्टार्म रैली 3 से 9 अप्रैल तक जारी रही।
इसमें अपने चिर परिचित अंदाज में सुरेश राणा ने अपने प्रतिद्वंद्वी अमनप्रीत को पछाड़कर प्रतिष्ठित डेजर्ट स्टार्म रैली के खिताब पर कब्जा जमाया। मूलतया कुल्लू के करजां गांव के रहने वाले सुरेश राणा पिछले करीब डेढ़ दशक से इस रफ्तार के खेल में नई बुलंदियों को छूते आ रहे हैं। सुरेश राणा का अगला टारगेट अब जर्मनी में होने वाले वर्ल्ड कप कार रैली है।
सुरेश देश के पहले रेसर हैं, जिन्होंने 10 बार रेड डी हिमालयन कार रैली और तीन बार डेजर्ट स्टार्म कार रैली अपने नाम की है। रैली के आयोजक रमेश मदान ने कहा कि सुरेश राणा पिछले तीन साल से लगातार इस रैली को जीतते आ रहे हैं।
कार रैली जीतने बाद सुरेश राणा ने अमर उजाला से बताया कि रफ्तार के इस खेल में जोखिम जरूर है, लेकिन इसका अपना नशा है। राणा के मुताबिक अब इसी साल जर्मन में होने जा रहे सीएट कार रैली का खिताब जीतना उनका मकसद है।