युवक ने की आत्महत्या(सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला
त्तर प्रदेश के नोएडा से हिमाचल प्रदेश के मनाली घूमने आए पर्यटक ने सिमसा में एक निजी होटल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। आत्महत्या से पहले युवक ने व्हाट्सएप पर अपने भाई को सुसाइड नोट का मैसेज भेजा, जिसमें लिखा है कि वह कई दिनों से आत्महत्या की योजना बना रहा था। इसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। युवक की पहचान 26 वर्षीय तनुज शर्मा निवासी सी-48, सेक्टर 72 नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तनुज शर्मा 20 अप्रैल को घूमने के लिए मनाली आया हुआ था। सिमसा क्षेत्र में वह एक निजी होटल में ठहरा था। 26 अप्रैल को वह होटल से चेकआउट करने वाला था, लेकिन इस दिन सुबह उसने अपने भाई को व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट का मैसेज भेजा। इसके तुरंत बाद उसके भाई ने होटल में संपर्क किया।
होटल के कर्मचारी कमरे की ओर गए तो अंदर से दरवाजा बंद था। लिहाजा सीढ़ियां लगाकर खिड़की से भीतर जाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। तब तक युवक होटल के कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर झूल चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस के मुताबिक मौके पर किसी भी तरह की कोई नशीली वस्तु आदि नहीं मिली है। मेज पर एक टैब मिला है, जिसमें सुसाइड नोट लिखा गया है। पुलिस उपाधीक्षक हेमराज वर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। उनके अनुसार युवक ने बाजार से नई रस्सी खरीदकर आत्महत्या का अंजाम दिया है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए मामले की जांच कर रही है।