पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सरकार कहीं भी नजर नहीं आ रही है। प्रदेश की राजधानी में हाईकोर्ट निगरानी में पानी की आपूर्ति की जा रही है। कांग्रेस सरकार के समय भी यही जल स्रोत थे। भाजपा सरकार बनने पर ये एकदम कैसे समाप्त हो गए।
बैजनाथ ब्लॉक कांग्रेस की मासिक बैठक में सुधीर शर्मा ने कहा कि भारी संख्या में हुए तबादलों के चलते नए कर्मचारियों को सिस्टम ही समझ नहीं आ रहा है। किसी भी गलती की गाज छोटे कर्मचारियों पर गिर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने के निर्देश देते हुए कहा कि कांग्रेस लोकसभा में भाजपा को करारा जवाब देगी। इससे पूर्व सुधीर शर्मा ने ऐतिहासिक शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि पार्टी जो भी उम्मीदवार तय करेगी, बैजनाथ से उसे भारी समर्थन मिलेगा। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष संसार, जमना गोयल, राजेश राणा, रविंद्र राव, शशी राणा, मुनीश अवस्थी, लाल चंद, अजय अवस्थी, रमेश टकरेडिया और बलवीर राणा आदि उपस्थित रहे।