प्रारंभिक शिक्षा में ऑनलाइन डिप्लोमा करने वाले शिक्षकों को सिलेबस तलाशने के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं। डीएलएड का सारा सिलेबस शिक्षकों को एक क्लिक पर मिल जाएगा।
अप्रशिक्षित अध्यापकों को डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजूकेशन) का कोर्स करने के लिए क्लास में नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए अध्यापक ऑनलाइन ऑडियो-वीडियो लेक्चर सुन और देख सकेंगे। वेबसाइट में लॉगइन करने पर ही अध्यापकों की उपस्थिति भी दर्ज हो जाएगी।
इतना ही नहीं डीटीएच और डिश टीवी के चैनलों के माध्यम से भी अप्रशिक्षित अध्यापक पढ़ाई कर सकेंगे। एनआईओएस ने डीएलएड के लिए पंजीकृत हुए सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त, निजी स्कूलों में कार्यरत अप्रशिक्षित शिक्षकों के लिए एक विशेष वेबसाइट और मोबाइल एप्लीकेशन तैयार की है।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने हिमाचल में डीएलएड कर रहे शिक्षकों के लिए इसको लेकर सोमवार को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के समन्वयक अधिकारी (प्रशिक्षण) ने बताया है कि पाठ्यक्रम की रूपरेखा अध्ययन सामग्री एवं ऑडियो-वीडियो लेक्चर www.swayam.gov.in पर ही उपलब्ध है।