हिमाचल में विद्यार्थियों को विभिन्न खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं से वंचित रहना पड़ सकता है। प्रदेश में राज्य स्तरीय अंडर-14 एथलेटिक्स और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं व टर्मिनल परीक्षाएं साथ-साथ होने के कारण शीतकालीन पाठशालाओं के प्रतिभागियों को स्पर्धाओं से वंचित रहना पड़ सकता है।
स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से शीतकालीन पाठशालाओं की टर्मिनल परीक्षाएं पांच दिसंबर से निर्धारित की हैं। इसमें सभी छात्रों को भाग लेना अनिवार्य है। इससे पूर्व राज्य प्रारंभिक क्रीड़ा संघ ने अंडर -14 राज्य स्तरीय एथलेटिक्स व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन धर्मशाला में 30 नवंबर से चार दिसंबर तक निर्धारित किया है।
शिक्षा निदेशक को दी जाएगी जानकारी
प्रतियोगिताओं के लिए आनी ब्लॉक के कन्या विद्यालय, दलाश, तांदी तथा मिशन स्कूल के छात्रों का चयन हुआ है। ऐसे में सभी प्रतिभागी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने से वंचित रह जाएंगे।
अभिभावक कर्मचंद, प्रेमचंद, रामकृष्ण, मदनलाल, रीना ने शिक्षा विभाग से मांग उठाई है कि प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित तिथि में फेरबदल किया जाए, ताकि विद्यार्थी भी हिस्सा ले सकें।
उधर, इस बारे में जिला उपनिदेशक प्रारंभिक कुलवंत सिंह पठानिया का कहना है कि वह इस बारे में कुछ नहीं कर सकते हैं। इस बारे में निदेशक से बात करनी होगी। उधर, इस बारे में निदेशक प्रारंभिक मनमोहन शर्मा के अधीक्षक सत्यप्रकाश ने कहा कि इसकी जानकारी निदेशक को दी जाएगी।