कोरोना संकट के चलते ऑनलाइन पढ़ाई के लिए स्मार्टफोन की पहुंच अधिकांश घरों तक हो गई है। साल 2018 में सरकारी स्कूलों के 47.4 फीसदी और निजी स्कूलों के 75 फीसदी बच्चे स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते थे। 2020 में सरकारी स्कूलों का यह आंकड़ा 86 फीसदी और निजी स्कूलों का आंकड़ा 94 फीसदी तक पहुंच गया है। सरकारी स्कूलों में 93 फीसदी और निजी में 98 फीसदी विद्यार्थियों की पढ़ाई व्हाट्सएप से हो रही है।
पहली बार फोन पर किया गया सर्वे
साल 2020 की यह रिपोर्ट पहली फोन आधारित सर्वेक्षण रिपोर्ट है। देश में स्कूल बंद होने के 6 महीने बाद सितंबर 2020 में संपन्न यह सर्वेक्षण ग्रामीण भारत के बच्चों के लिए दूर शिक्षा की प्रक्रियाओं, पाठ्य सामग्रियों, गतिविधियों की व्यवस्थाओं व पहुंच की पड़ताल करता है। असर 2020 का दायरा 26 राज्यों, चार केंद्र शासित प्रदेशों तक सीमित था। इसके माध्यम से 52227 घरों और 5 से 16 वर्ष की आयु के 59251 बच्चों के अलावा 8963 सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों तक पहुंच बनाई गई।